दुर्ग में सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आई महिला की दर्दनाक मौत, पति और मां गंभीर रूप से घायल

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति और मां गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा मुरमुंदा चौक से गोढ़ी रोड के पास हुआ, जब दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर के बाद एक अज्ञात ट्रक ने महिला को कुचल दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रिश्तेदारी से लौटते वक्त हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पथरा (भिलाई-3) निवासी लोकेश रात्रे अपनी पत्नी नीलम रात्रे और मां बिसवंतीन बाई भारती के साथ घटियाखुर्द स्थित रिश्तेदारी से लौट रहे थे। रात करीब 8:30 बजे जैसे ही वे मुरमुंदा चौक से गोढ़ी रोड की ओर 100 मीटर आगे बढ़े, सामने से आ रही एक बाइक ने तेज रफ्तार में टक्कर मार दी।

सड़क पर गिरे बाइक सवार, ट्रक ने रौंदा

टक्कर के बाद दोनों बाइकों के सवार सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक महिला के बेहद करीब आ गया। गिरने के दौरान नीलम रात्रे की साड़ी ट्रक के पिछले हिस्से में फंस गई और वह कुछ मीटर तक घसीटती चली गई।
ट्रक चालक को इसकी भनक तक नहीं लगी और वह वाहन लेकर भाग निकला। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित किया

घायलों को तत्काल अहिवारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने नीलम रात्रे को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसके पति लोकेश और मां बिसवंतीन बाई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ट्रक चालक फरार, सीसीटीवी से सुराग तलाश रही पुलिस

नंदिनी थाना पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धाराएं 184, 106(1), 125(ए) और 281 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके।

सड़क पर रोशनी की कमी से बढ़ रहे हादसे

स्थानीय निवासियों ने बताया कि मुरमुंदा चौक से गोढ़ी रोड तक सड़क काफी संकीर्ण और खराब है। साथ ही, रात में स्ट्रीट लाइटों की कमी के कारण दृश्यता बेहद कम रहती है। लोगों ने प्रशासन से यहां स्पीड ब्रेकर और रोशनी की व्यवस्था करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।

Scroll to Top