भिलाई का युवक बना ‘गुंडा’ दिखाने निकला तलवार लेकर, नंदिनी पुलिस ने घेराबंदी कर किया गिरफ्तार

भिलाई/दुर्ग। दुर्ग जिले में एक युवक ने लोगों में दहशत फैलाने के इरादे से बीच सड़क पर तलवार लहराकर आतंक मचाया। मामला नंदिनी-अहिवारा क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से धारदार हथियार जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।

तलवार लहराकर फैला रहा था डर

सूचना के अनुसार, 10 नवंबर दोपहर करीब 12:30 बजे, नंदिनी टाउनशिप क्षेत्र के चंचल प्यूलस के पास एक युवक लोहे की तलवारनुमा हथियार लेकर राहगीरों को डराता-धमकाता नजर आया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने की घेराबंदी, मौके से पकड़ा आरोपी

सूचना मिलते ही नंदिनी नगर पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई की। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को मौके से दबोच लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान अमन समुद्रे (22 वर्ष), निवासी रावण भाठा, शंकर नगर, थाना सुपेला, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।

‘गुंडा बनने’ के शौक में की हरकत

पुलिस जांच में सामने आया है कि अमन समुद्रे अपने दोस्तों के बीच गुंडा छवि दिखाने के लिए ऐसी हरकत कर रहा था।
वह अपने परिचितों को प्रभावित करने के लिए नंदिनी-अहिवारा क्षेत्र पहुंचा और वहां राहगीरों को हथियार दिखाकर डराने लगा।

पुलिस ने भेजा जेल

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और न्यायालय में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
नंदिनी नगर पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त और निगरानी जारी है।

Scroll to Top