रायगढ़ में दिवाली के दूसरे दिन डबल मर्डर और एक युवक की संदिग्ध मौत, दो जगहों पर मचा हड़कंप

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दिवाली के अगले दिन दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। एक घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कपाटडेरा गांव की है, जहां पति-पत्नी की लाश उनके घर के आंगन में मिली। वहीं दूसरी घटना धरमजयगढ़ की है, जहां तालाब में एक युवक का शव मिला। दोनों मामलों में हत्या की आशंका जताई जा रही है।

पहला मामला: आंगन में नग्न हालत में मिले पति-पत्नी के शव

कपाटडेरा गांव में गुरुवार सिंह राठिया (35) और उसकी पत्नी मनीता राठिया (30) की खून से सनी लाश उनके आंगन में मिली। मृतक का शरीर नग्न और पत्नी का शव अर्धनग्न हालत में पड़ा था। दोनों के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे पुलिस को शक है कि उन्हें लाठी-डंडे से पीट-पीटकर मारा गया है।

परिजनों ने सुबह दोनों की लाश देखी और गांव के कोटवार को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम जांच में जुटी हुई है। पुलिस ने आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ शुरू कर दी है। बताया गया है कि मृतक दंपती के तीन बच्चे हैं।

प्राथमिक जांच में मामला पैसों के लेनदेन से जुड़े विवाद का बताया जा रहा है। पुलिस ने कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है।
एसडीओपी सिद्धांत तिवारी ने कहा कि जल्द ही हत्या की वजह और आरोपियों का खुलासा किया जाएगा।

दूसरा मामला: तालाब में मिला युवक का शव

धरमजयगढ़ के चानमारी क्षेत्र के डबरी तालाब में एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान कैलाश सारथी (19), निवासी डूगरूपारा, के रूप में हुई है। शव पर सिर और शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

दोनों मामलों में पुलिस हत्या की संभावना को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

Scroll to Top