छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में दिवाली की रात एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला हुआ। आरोप है कि शराब नहीं पिलाने पर दो युवकों ने विवाद के बाद युवक की छाती और कान के पास चाकू से वार किया। घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, आईटीआई कॉलोनी निवासी रवि पटनायक (24) अपने दोस्त पठान (ओम विहार निवासी) के साथ मोहल्ले में खड़ा था। इसी दौरान करनदास महंत और मनीष दास महंत वहां पहुंचे और पठान से शराब पिलाने की मांग करने लगे। बात न मानने पर विवाद बढ़ गया और दोनों ने चाकू निकाल लिया।

विवाद के बीच रवि ने अपने दोस्त को बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने रवि की छाती, कान और सिर पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रवि मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मंगलवार को पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने करनदास महंत और मनीष दास महंत के खिलाफ BNS की धारा 109(1)-BNS और 3(5)-BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

