छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से पारिवारिक विश्वासघात का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपने ही बड़े भाई की ज्वेलरी शॉप से करीब 35 लाख रुपये के सोने के मंगलसूत्र चोरी कर लिए। चोरी में उसके फूफेरे भाई ने भी साथ दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला स्मृतिनगर पुलिस चौकी क्षेत्र का है।
छोटे भाई ने ही रची साजिश
जानकारी के अनुसार, पीड़ित रवि सोनी (50 वर्ष) कोहका निवासी है और उनकी ज्वेलरी की दुकान है। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका छोटा भाई राजकुमार सोनी (50) पिछले 9 महीने से शॉप में सेल्समैन के तौर पर काम कर रहा था।
13 अक्टूबर की शाम जब दुकान में भीड़ थी, तभी राजकुमार ने मौका पाकर लॉकर से 40 सोने के मंगलसूत्र निकाल लिए और फरार हो गया।

CCTV और लोकेशन से मिला सुराग
पुलिस ने शिकायत के बाद जांच शुरू की और त्रिनयन ऐप की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। आसपास के CCTV फुटेज में राजकुमार रायपुर की ओर जाते हुए दिखाई दिया। पुलिस को यह भी पता चला कि उसका फूफेरा भाई सुरेंद्र सोनी रायपुर में सोना गलाने का काम करता है।
दबिश देकर दोनों गिरफ्तार
सूचना के आधार पर पुलिस ने दुर्ग ब्राह्मणपारा स्थित राजकुमार के किराए के मकान में दबिश दी। वहां से दोनों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में पुलिस को
- 29 चोरी किए गए मंगलसूत्र,
- 11 मंगलसूत्र गलाकर बने दो सोने के बिस्किट, और
- ₹2 लाख नकद मिले।
🧱 सोना गलाकर बेचने की थी योजना
पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे चोरी किए गए सोने को गलाकर बिस्किट बनाकर बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 316(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

