छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में मामूली विवाद के चलते एक युवक की चार बदमाशों ने मिलकर बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोपियों ने युवक पर टंगिया और डंडे से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव कर घायल को अस्पताल पहुंचाया। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पीपल पेड़ के पास हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, महारानी वार्ड निवासी अविनाश भारती सोमवार रात घर के पास स्थित पीपल पेड़ के पास गया था। वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने अविनाश पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने उसे लाठी-डंडे और टंगिया से बुरी तरह पीटा। स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला और घायल को महारानी अस्पताल पहुंचाया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट आने के कारण उसे बाद में डिमरापाल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
चार युवकों पर मामला दर्ज
पीड़ित की मां ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि मोहल्ले के लोगों के अनुसार, हमला साहिल, सुशांत ठक्कर, छोटू और कोदू नामक युवकों ने किया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।

