टी.एस. सिंहदेव बोले – “एक दिन का मुख्यमंत्री बनने को तैयार”, बोले – “शपथ अजय चंद्राकर के घर पर ही ले लूंगा”

छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने एक बार फिर अपने बयान से सियासी माहौल गर्म कर दिया है। उन्होंने कहा कि अजय चंद्राकर का धन्यवाद, उन्होंने कहा कि मैं एक दिन का मुख्यमंत्री बनने के लिए तैयार हूं। अगर उन्होंने सीएम बनाने की बात कही है, तो मैं जरूर जाऊंगा और उनके घर पर शपथ ग्रहण करूंगा।

सिंहदेव ने व्यंग्य करते हुए कहा कि उम्मीद है, अजय चंद्राकर ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से पहले ही बात कर ली होगी — एक का इस्तीफा और दूसरे की मंजूरी का इंतज़ाम भी कर लिया होगा।

सिंहदेव ने कहा, “अजय चंद्राकर के साथ करीब डेढ़ दशक तक काम किया है। वे समझदार नेता हैं, लेकिन उनका अंदाज़ मज़ाकिया भी है। अगर वे कह रहे हैं कि मुझे मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, तो मैं तैयार हूं।”


मामले की पूरी पृष्ठभूमि क्या है?

दरअसल, बिलासपुर में सिंहदेव ने हाल ही में कहा था कि कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी, और उन्होंने यह भी कहा था कि “मैं कभी नहीं कहूंगा कि मुझे मुख्यमंत्री नहीं बनना है, ऐसा कौन कहेगा?”

इस पर अजय चंद्राकर ने पलटवार करते हुए कहा था कि “हम बाबा को मुख्यमंत्री बनाकर सम्मानित कर देंगे, क्योंकि कांग्रेस में तो उनका कुछ नहीं होने वाला।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “किसी को हसरत लेकर ऊपर नहीं जाना चाहिए, उसे इसी दुनिया में पूरा कर लेना चाहिए।”

Scroll to Top