छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक नाबालिग छात्रा ने हॉस्टल संचालक की दरिंदगी से साहस दिखाकर खुद को बचाया। आरोप है कि हॉस्टल मालिक आधी रात को छात्रा के कमरे में घुसकर उसके कपड़े उतारने लगा। नींद खुलते ही लड़की ने विरोध किया और दांत से उसका हाथ काटकर खुद को बचाया। शोर मचाने के बाद आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है मामला
सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह स्थित ‘श्योर जिंदगी गर्ल्स हॉस्टल’ में 16 वर्षीय लड़की किराए पर रहती है। वह पास ही एक टेंट हाउस में सिलाई का काम करती है। 22 सितंबर की रात काम से लौटने के बाद उसने हॉस्टल मालिक गुरमीत सिंह (63) को कमरे का किराया दिया और खाना खाकर सो गई।
लड़की दरवाजा बंद करना भूल गई थी। तड़के करीब 5 बजे संचालक उसके कमरे में घुस आया और कपड़े उतारने की कोशिश करने लगा। अचानक नींद खुली तो छात्रा ने विरोध किया।
छात्रा ने दिखाई बहादुरी
संचालक जबरदस्ती करने लगा तो लड़की ने उसके हाथ पर दांत से काटा और बाहर निकलकर शोर मचाया। हंगामा सुनकर आरोपी भाग निकला। इसके बाद पीड़िता सीधे सरकंडा थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने छात्रा की रिपोर्ट पर गुरमीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया। आरोपी को उसके अंबे रेसिडेंसी स्थित घर से पकड़ा गया। छात्रा ने अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र भी पेश किया, जिसके बाद पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ीं। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।



