दुर्ग में 25 लाख की हेरोइन बरामद, तस्करी गिरोह का सरगना भी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के दुर्ग ज़िले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 लाख रुपये की हेरोइन पकड़ी है। यह मामला मोहन नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर धमधा रोड स्थित सब्ज़ी मंडी के पास एक कार को रोका गया। तलाशी के दौरान 246 ग्राम हेरोइन, 1.25 लाख नकद और लाल रंग का बैग बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही 6 आरोपियों को पकड़ लिया था।

गिरोह का मुख्य आरोपी गुरजीत सिंह उर्फ रुड फरार हो गया था। पुलिस ने 18 सितंबर को दुर्ग रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार गिरोह पंजाब और दिल्ली से हेरोइन मंगाकर दुर्ग और आसपास के इलाकों में बेच रहा था। अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में जब्त नशे की कीमत 25 लाख रुपये आंकी गई है। पिछले दो वर्षों में पुलिस ने कई बार इस तरह की खेप पकड़ी है। अधिकारियों का कहना है कि यह नेटवर्क खासकर युवाओं को निशाना बनाकर नशे की सप्लाई कर रहा था।

Scroll to Top