रायपुर। विदेशी विद्यार्थियों की सुरक्षा और जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर रायपुर कलेक्ट्रेट में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने विभिन्न विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के कुलपतियों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

बैठक में प्रशासन ने विश्वविद्यालयों को निर्देश दिए कि विदेशी विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित आवास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वर्तमान में जो विदेशी विद्यार्थी निजी मकानों, पीजी या अन्य स्थानों पर रह रहे हैं, उन्हें अगले 15 से 30 दिनों के भीतर संस्थान द्वारा उपलब्ध या संस्थान से संबद्ध सुरक्षित हॉस्टल में स्थानांतरित करने की कार्रवाई करने को कहा गया है।
प्रशासन ने विदेशी विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने को प्राथमिकता बताया। संस्थानों को संभावित विवाद या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं की पहले से पहचान कर आवश्यक निरोधात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह भी कहा गया कि विदेशी विद्यार्थियों से संबंधित कुछ शिकायतें प्रशासन और पुलिस को प्राप्त होती रही हैं। ऐसे मामलों को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालयों को विद्यार्थियों की निगरानी, काउंसलिंग और अनुशासन व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी विद्यार्थी के खिलाफ उसकी राष्ट्रीयता के आधार पर कार्रवाई नहीं की जाएगी। कानून का उल्लंघन होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विश्वविद्यालयों को विदेशी विद्यार्थियों को भारतीय कानून, स्थानीय रीति-रिवाज, सार्वजनिक व्यवहार, यातायात नियम, साइबर सुरक्षा और नशीले पदार्थों समेत कानून-विरोधी गतिविधियों से दूर रहने को लेकर नियमित जागरूकता और ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा सभी संस्थानों से विदेशी विद्यार्थियों की अद्यतन और सत्यापित जानकारी प्रशासन एवं पुलिस के साथ साझा करने को कहा गया है। इसमें विद्यार्थियों की संख्या, देश, पाठ्यक्रम, प्रवेश की स्थिति, आवास और आवश्यक संपर्क संबंधी जानकारी का रिकॉर्ड रखने के निर्देश शामिल हैं।
प्रशासन ने विश्वविद्यालय प्रबंधन, विदेशी विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि रायपुर में सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है।

