दुर्ग। जामुल थाना क्षेत्र के वार्ड-22 स्थित कुरूद बाजार चौक में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में 40 वर्षीय व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान पुरण भारती के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उतई के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक घटना के समय एक कमरे में मनीष बघेल और उसका भांजा राज जोशी शराब पी रहे थे। इसी दौरान मनीष का दोस्त पुरण भारती भी वहां पहुंच गया। शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर पुरण और राज के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया।

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर राज जोशी ने पुरण भारती के सिर पर ईंट और पत्थरों से कई वार कर दिए। हमले में गंभीर चोट लगने से पुरण की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी आरोपी के मामा मनीष बघेल ने खुद पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और मामा-भांजे दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कचांदूर मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है।

