बिलासपुर के मस्तूरी थाना क्षेत्र में गणेश उत्सव के दौरान DJ पर नाचने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान तलवार, चाकू, लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटना में गंभीर रूप से घायल शैलेष कुमार राठौर की इलाज के दौरान मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले में 14 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, मृतक के परिवार के कई सदस्य भी घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका सिम्स में इलाज चल रहा है।
DJ पर नाचने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच गतौरा के जनक पहरी इलाके में गणेश पंडाल में DJ बज रहा था। इसी दौरान DJ पर नाचने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। परिजनों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से भी विवाद चला आ रहा था।
कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान तलवार और चाकू समेत धारदार हथियारों के अलावा लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला किया गया। मौके पर पथराव किए जाने की बात भी सामने आई है।
इलाज के दौरान शैलेष की मौत
हमले में शैलेष कुमार राठौर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना में मृतक के पिता व्यास नारायण राठौर और बड़े भाई रवि कुमार राठौर के घायल होने की जानकारी है। इसके अलावा बीच-बचाव करने पहुंचे विक्रम राठौर और विकास राठौर के भी घायल होने की बात सामने आई है। घायलों में दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
14 संदेही हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में 14 संदेहियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि हमले में करीब 13 से 15 लोग शामिल थे। हालांकि, घटना में वास्तव में कौन-कौन शामिल था और किसकी क्या भूमिका रही, यह पुलिस की जांच के बाद स्पष्ट होगा।
एडिशनल एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए सोमवार सुबह एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह भी गतौरा पहुंचीं। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।
पुलिस पुराने विवाद के साथ-साथ DJ पर नाचने को लेकर हुए तत्काल विवाद और उसके बाद हुई हिंसा के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस हथियारों के इस्तेमाल और घटना में शामिल लोगों की भूमिका भी जांच रही है।
पत्नी ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की
मृतक शैलेष राठौर की पत्नी ने घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि पति की मौत से उनके बच्चे अनाथ हो गए हैं और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
वहीं, परिजनों और कुछ स्थानीय लोगों ने कुछ आरोपियों के कथित अवैध कब्जे पर बने होटल के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, मामले में FIR दर्ज कर ली गई है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के साथ अन्य साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

