रायपुर में नो-एंट्री तोड़ने वाले भारी वाहनों पर कार्रवाई, 7 मालवाहक वाहनों पर चालान

रायपुर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नो-एंट्री और नो-पार्किंग नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में हुई कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित समय में शहर में प्रवेश करने वाले 7 भारी मालवाहक वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस के मुताबिक भारी वाहनों के शहर में प्रवेश के लिए समय और मार्ग निर्धारित किए गए हैं। इसके बावजूद कुछ वाहन चालक प्रतिबंधित समय में मुख्य सड़कों और अंदरूनी इलाकों में प्रवेश कर रहे थे। इसे देखते हुए तेलीबांधा और पचपेढ़ी नाका थाना क्षेत्रों में विशेष निगरानी की गई।

जांच के दौरान नो-एंट्री नियम का उल्लंघन करने वाले 7 भारी मालवाहक वाहनों को पकड़ा गया। इनके चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।

नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई

शहर के प्रमुख बाजारों, व्यस्त चौराहों और मुख्य मार्गों पर नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ भी अभियान चलाया गया। सड़क पर आवागमन बाधित करने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों को क्रेन और टोइंग वाहनों की मदद से हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान हटाए गए वाहनों को यातायात थाना परिसर भेजा गया और संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक भारी वाहनों को प्रवेश की अनुमति

यातायात पुलिस के अनुसार रिंग रोड के अंदरूनी हिस्सों और प्रमुख बाजार क्षेत्रों में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश का समय निर्धारित है। इन वाहनों को केवल रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक शहर के अंदर प्रवेश की अनुमति है। इसके अलावा निर्धारित समय के बाहर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

CCTV और फील्ड टीम से निगरानी

ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि नो-एंट्री और नो-पार्किंग नियमों का उल्लंघन करने वालों पर CCTV कैमरों और फील्ड टीमों के जरिए लगातार नजर रखी जा रही है। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर आने वाले दिनों में भी जांच अभियान जारी रहेगा।

पुलिस ने भारी वाहन चालकों, ट्रांसपोर्टरों और वाहन मालिकों से निर्धारित नो-एंट्री नियमों का पालन करने की अपील की है। वहीं आम नागरिकों और व्यवसायियों से भी वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा करने की अपील की गई है, ताकि शहर में जाम और यातायात अवरोध की स्थिति न बने।

Scroll to Top