रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान एक युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के समय मौके पर करीब 40 लोग मौजूद थे। इसी दौरान आरोपी ने पीछे से पहुंचकर युवक के सिर पर चापड़ से लगातार तीन वार कर दिए।

हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन गुढ़ियारी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान विकास नगर निवासी सेवाराम साहू के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक घटना 5 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे की है। रानी वर्मा ने गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह घर के सामने आयोजित जन्माष्टमी कार्यक्रम देख रही थीं। इसी दौरान उनके जेठ उमेन्द्र सिंह वर्मा घर के बाहर खड़ी बाइक को अंदर करने के लिए बाहर आए।
बताया गया कि उसी समय सेवाराम साहू पीछे से वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर उमेन्द्र सिंह पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपी ने उनके सिर के पीछे चापड़ से तीन वार किए। हमले के बाद उमेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गए और आरोपी वहां से भाग निकला।

पत्नी से संबंध का था शक
पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी की तलाश शुरू की। संभावित ठिकानों पर दबिश देकर पुलिस टीम ने सेवाराम साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि उमेन्द्र सिंह वर्मा के उसकी पत्नी से अवैध संबंध है
पुलिस के अनुसार इसी शक के चलते आरोपी ने उमेन्द्र पर हमला किया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चापड़ भी बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

