छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां फिलहाल कमजोर बनी हुई हैं। प्रदेश में सामान्य से करीब 4 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में बारिश का दौर बढ़ने की संभावना जताई है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना लो प्रेशर एरिया और उससे जुड़ी मौसम प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में नमी बढ़ सकती है। इसके चलते 7 सितंबर से अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं। फिलहाल भारी बारिश को लेकर कोई बड़ा अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
राजधानी रायपुर में सोमवार को बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ने की संभावना है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
प्रदेश में 1 जून से 6 सितंबर तक 950.6 मिमी यानी 37.42 इंच बारिश हुई है, जबकि सामान्य आंकड़ा 990.8 मिमी यानी 39.01 इंच है। इस तरह बारिश सामान्य से 4 प्रतिशत कम है।
जिलों की बात करें तो बलरामपुर में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। यहां 1436.7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 70 प्रतिशत अधिक है। वहीं बेमेतरा में सबसे कम 539.9 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 41 प्रतिशत कम है।
इसके अलावा रायपुर में अब तक 1050.6 मिमी, मुंगेली में 1054.1 मिमी और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1105 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून अंतिम चरण में है और आने वाले दिनों की बारिश से प्रदेश के कुल आंकड़ों में बदलाव हो सकता है।

