रायपुर में त्योहारों से पहले पुलिस की सख्ती, 10 लोगों पर कार्रवाई

त्योहारी सीजन को देखते हुए रायपुर पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। खम्हारडीह, उरला, पंडरी, गुढ़ियारी और खमतराई थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 10 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की।

गुढ़ियारी पुलिस ने शुक्रवारी बाजार निवासी जुगनू साहू उर्फ गोलू (35) को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 382/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में मामला दर्ज किया गया है।

वहीं उरला पुलिस ने अटल आवास निवासी राजू भारती (47) के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 417/2026 दर्ज किया गया है।

8 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने 8 अन्य बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।

  • खम्हारडीह: 4 लोगों पर BNSS की धारा 170/126 और 135(3) के तहत कार्रवाई।
  • पंडरी: 2 लोगों पर BNSS की धारा 170 के तहत कार्रवाई।
  • खमतराई: 2 लोगों पर BNSS की धारा 170 के तहत कार्रवाई।

त्योहारों को लेकर बढ़ाई गई निगरानी

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पांडे के नेतृत्व में की गई। वहीं एसीपी उरला पूर्णिमा लामा और एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में संबंधित थानों की टीमों ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार त्योहारों के दौरान चाकूबाजी, अवैध शराब और उपद्रव जैसी गतिविधियों को रोकने के लिए गश्त और निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक शांति भंग करने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Scroll to Top