रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपराध और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक युवक सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर लोगों को डराते हुए पकड़ा गया, जबकि चार अन्य आरोपी अवैध रूप से देशी शराब बेच रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक धारदार चाकू, 116 पौवा देशी शराब और शराब बिक्री से प्राप्त रकम सहित कुल 17,260 रुपये की सामग्री जब्त की है।
कॉलोनी के पास चाकू लहराते पकड़ा गया युवक
पुलिस के मुताबिक 31 अगस्त को सूचना मिली थी कि मुनगी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास एक युवक हाथ में चाकू लेकर राहगीरों को डरा रहा है। सूचना पर मंदिर हसौद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 19 वर्षीय आदित्य निषाद, निवासी मुनगी के रूप में हुई है। उसके पास से स्टील का धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 411/26 दर्ज करते हुए आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की।
चार स्थानों से अवैध शराब जब्त
पुलिस ने 31 अगस्त और 1 सितंबर को अलग-अलग स्थानों पर अवैध शराब बिक्री के खिलाफ भी कार्रवाई की।
नकटा मोड़: मिथलेश वर्मा (29) को 48 पौवा देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। जब्त शराब की कीमत करीब 4,800 रुपये बताई गई है।
चंदखुरी फार्म बाजार रोड: प्रहलाद वर्मा (23) के कब्जे से 33 पौवा देशी शराब और 910 रुपये बिक्री की रकम बरामद हुई। कुल जब्ती 4,210 रुपये की बताई गई है।
ग्राम चीचा पानी टंकी: उमेश्वर अनंत (36) को ठेले से शराब बेचते पकड़ा गया। उसके पास से 35 पौवा देशी शराब, जिसकी कीमत 3,500 रुपये है, बरामद हुई।
चीचा पुराना तालाब: जितेन्द्र डहरिया (35) को बरगद के पेड़ के नीचे शराब बेचते पकड़ा गया। उसके कब्जे से 40 पौवा शराब और बिक्री की रकम सहित कुल 4,750 रुपये की सामग्री जब्त की गई।
चारों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई।
6 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की। इनके विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170/126 और 135(3) के तहत कार्रवाई की गई। कार्रवाई के बाद सभी को तहसील न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई में क्या मिला
- 5 आरोपी गिरफ्तार
- 1 धारदार चाकू बरामद
- 116 पौवा देशी शराब जब्त
- शराब और बिक्री रकम समेत 17,260 रुपये की सामग्री जब्त
- 6 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, लोगों में भय पैदा करने और अवैध शराब की बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

