रक्षाबंधन पर यात्रियों को राहत, दुर्ग-रायगढ़ के बीच आज से चलेगी स्पेशल ट्रेन

रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों के लिए विशेष ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। दुर्ग से रायगढ़ के बीच रक्षाबंधन पैसेंजर स्पेशल ट्रेन 27 अगस्त से शुरू होगी। यह ट्रेन 29 अगस्त तक कुल तीन फेरे लगाएगी।

रेलवे के मुताबिक त्योहार के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है। गाड़ी संख्या 08834/08833 दुर्ग-रायगढ़-दुर्ग रक्षाबंधन पैसेंजर स्पेशल के संचालन से दुर्ग, भिलाई, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, जांजगीर-नैला, चांपा, सक्ती, खरसिया और रायगढ़ समेत रास्ते के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी।

दुर्ग से सुबह 10:30 बजे रवाना होगी

गाड़ी संख्या 08834 दुर्ग-रायगढ़ पैसेंजर स्पेशल सुबह 10:30 बजे दुर्ग से रवाना होगी। इसके बाद यह भिलाई नगर, भिलाई पावर हाउस, भिलाई, देवबलोदा चरोदा, कुम्हारी, सरोना, सरस्वती नगर और रायपुर सहित कई स्टेशनों पर रुकेगी।

ट्रेन दोपहर में तिल्दा-नेवरा, हथबंद, भाटापारा, बिल्हा और अन्य स्टेशनों से होते हुए बिलासपुर पहुंचेगी। इसके बाद गतौरा, जयरामनगर, अकलतरा, जांजगीर-नैला, चांपा, सक्ती, खरसिया और अन्य स्टेशनों पर ठहराव के बाद शाम करीब 7 बजे रायगढ़ पहुंचेगी।

रायगढ़ से रात 7:40 बजे वापसी

वापसी में गाड़ी संख्या 08833 रायगढ़-दुर्ग पैसेंजर स्पेशल रात 7:40 बजे रायगढ़ से रवाना होगी। ट्रेन निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए रात करीब 10:20 बजे बिलासपुर, 11:25 बजे भाटापारा और रात 12:40 बजे रायपुर पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन रात करीब 2 बजे दुर्ग पहुंचेगी।

10 कोच के साथ चलेगी ट्रेन

रेलवे ने इस स्पेशल ट्रेन में कुल 10 आईसीएफ कोच लगाए हैं। इनमें 8 जनरल कोच और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं।

त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे की ओर से यह अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे दुर्ग से रायगढ़ के बीच सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Scroll to Top