सावन के अंतिम सोमवार पर सोमनाथ मंदिर में उमड़ा जनसैलाब, 30 हजार श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात रही पुलिस

तिल्दा-नेवरा, 25 अगस्त 2026। सावन के अंतिम सोमवार के मौके पर तिल्दा-नेवरा स्थित प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़िए दर्शन के लिए पहुंचे। रविवार रात से शुरू हुआ श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला सोमवार देर रात तक चलता रहा। रायपुर समेत कवर्धा, गरियाबंद, बेमेतरा, बालोद और आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचे।

पुलिस के अनुसार, अंतिम सोमवार को मंदिर और आसपास के मेला क्षेत्र में करीब 25 से 30 हजार श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यापक व्यवस्था की थी।

मारपीट की आशंका को देखते हुए करीब 100 कड़े जब्त

भारी भीड़ के बीच किसी तरह के विवाद या मारपीट की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने विशेष सतर्कता बरती। जांच के दौरान श्रद्धालुओं के हाथों में पहने हुए करीब 100 भारी कड़े जब्त किए गए।

पुलिस का कहना है कि भीड़ में विवाद होने की स्थिति में ऐसे कड़े गंभीर चोट का कारण बन सकते हैं। इसी संभावना को देखते हुए एहतियात के तौर पर यह कार्रवाई की गई, ताकि मेले में किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।

मंदिर और मेला क्षेत्र में कड़ी निगरानी

श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र, पार्किंग स्थल, पहुंच मार्गों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस जवानों ने लगातार पेट्रोलिंग के साथ भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखी।

इसके अलावा संदिग्ध लोगों और बाहरी व्यक्तियों की जांच भी की गई। श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार मौके पर मौजूद रहीं।

वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था

सुरक्षा व्यवस्था पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री चंचल तिवारी के मार्गदर्शन में संचालित की गई।

एसडीओपी विधानसभा श्री वीरेंद्र चतुर्वेदी के नेतृत्व में थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा श्री रमाकांत तिवारी और थाना प्रभारी धरसीवा श्री राजेंद्र दीवान सहित पुलिस बल ने मेला क्षेत्र की सुरक्षा संभाली।

पुलिस टीमों ने मंदिर परिसर से लेकर पार्किंग और प्रमुख पहुंच मार्गों तक लगातार निगरानी रखी। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए थे।

देर रात तक पहुंचते रहे कांवड़िए

सावन के अंतिम सोमवार पर अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में कांवड़िए सोमनाथ मंदिर पहुंचे। कवर्धा, गरियाबंद, बेमेतरा और बालोद सहित आसपास के क्षेत्रों से आए कांवड़ियों की आवाजाही सोमवार देर रात तक जारी रही।

भारी भीड़ के बावजूद पुलिस की लगातार निगरानी, पेट्रोलिंग और बेहतर समन्वय के चलते सोमनाथ मंदिर का मेला शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी।

Scroll to Top