तिल्दा-नेवरा में बाइक चोर गिरोह का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार; 2 लाख की 5 मोटरसाइकिल बरामद

रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तिल्दा-नेवरा थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर करीब 2 लाख रुपये कीमत की पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के हथबंद निवासी 55 वर्षीय संजीव त्यागी अपनी हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल से तिल्दा-नेवरा के बुधवारी साप्ताहिक बाजार पहुंचे थे। उन्होंने बाइक सड़क किनारे खड़ी की और सामान खरीदने बाजार चले गए। कुछ समय बाद लौटने पर बाइक मौके से गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी वाहन का पता नहीं चला, जिसके बाद उन्होंने तिल्दा-नेवरा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 342/2026 के तहत धारा 303(2), 238 और 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV और तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि परवाना देवार जोगी और अजीत जोगी अपने साथियों के साथ चोरी की मोटरसाइकिलों की पहचान और स्वरूप बदलकर उनका इस्तेमाल कर रहे हैं और उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।

पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अपने साथी बीरबल देवार के साथ मिलकर जनवरी 2026 से 7 अगस्त 2026 के बीच तिल्दा-नेवरा, बगदई, बैकुंठ स्थित शराब दुकान परिसर और तिल्दा-नेवरा साप्ताहिक बाजार से पांच मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया।

घर के पास छिपाकर रखी थीं चोरी की बाइक

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि चोरी की मोटरसाइकिलों को अजय कुमार यदु के घर के पास छिपाकर रखा गया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वहां से पांच बाइक बरामद कीं।

बरामद वाहनों में एक हीरो पैशन प्रो बाइक क्रमांक CG 22 AB 3766 और चार हीरो HF Deluxe मोटरसाइकिलें शामिल हैं, जिन पर नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. परवाना देवार जोगी, उम्र 21 वर्ष, निवासी देवार पारा, तिल्दा।
  2. अजीत जोगी, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 15, देवार पारा, तिल्दा।
  3. अजय कुमार यदु, उम्र 28 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 06, तुलसी नेवरा, तिल्दा।

जब्त वाहन

  • 01 हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल
  • 04 हीरो HF Deluxe मोटरसाइकिल
  • कुल 05 मोटरसाइकिलें
  • अनुमानित कीमत करीब ₹2 लाख
Scroll to Top