सिलतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध देशी कट्टा और कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार

रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सिलतरा थाना क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा, एक जिंदा 8 एमएम कारतूस और चार खाली कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, 4 और 5 अगस्त की दरमियानी रात सिलतरा थाना पुलिस नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम निमोरा के पंचायत भवन के सामने एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सरफराज खान के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा, एक जिंदा 8 एमएम कारतूस और चार खाली 8 एमएम कारतूस बरामद हुए। आरोपी हथियार रखने से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

बरामदगी के आधार पर थाना सिलतरा में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि सरफराज खान वर्ष 2022 में मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के एक मामले में भी गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया और प्रयागराज से जुड़ा हुआ है। उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि की विस्तृत जानकारी जुटाने के लिए संबंधित जिलों की पुलिस से संपर्क किया जा रहा है।

रायपुर ग्रामीण पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वाले और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Scroll to Top