रायपुर पुलिस ने चाकू की नोक पर जोमैटो डिलीवरी बॉय से मोबाइल फोन लूटने के मामले का खुलासा करते हुए एक युवक और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, एक अन्य मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, जोमैटो डिलीवरी एजेंट मुकेश कुमार ध्रुव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 अगस्त की रात करीब 1:30 बजे वह कटोरा तालाब स्थित संत कंवरराम चौक के पास एक ऑर्डर की डिलीवरी देने पहुंचा था। वहां एक्टिवा सवार दो युवकों ने ऑर्डर लेने के बाद भुगतान करने से इनकार कर दिया। जब डिलीवरी एजेंट ने पैसे मांगे तो दोनों ने गाली-गलौज करते हुए चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसका वीवो कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस ने संयुक्त जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित से पूछताछ, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच और संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान नेहरू नगर निवासी भूपेन्द्र भारती उर्फ आकु और एक विधि के साथ संघर्षरत बालक की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने वारदात करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, एक अन्य मोबाइल तथा घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। दूसरे मोबाइल के संबंध में पुलिस अलग से जांच कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी भूपेन्द्र भारती के खिलाफ पहले से आम्र्स एक्ट के दो मामले दर्ज हैं और वह जेल भी जा चुका है। वहीं, विधि के साथ संघर्षरत बालक का नाम पूर्व में नकबजनी के एक मामले में भी सामने आ चुका है। दोनों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

