रायपुर: नगर पालिक निगम रायपुर के जोन क्रमांक-3 स्वास्थ्य विभाग ने स्वच्छता संबंधी जनशिकायत मिलने के बाद लोधीपारा स्थित वीरांगना अवंती बाई लोधी चौक से क्रिस्टल आर्केड तक स्थित पांच दुकानों का औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश और जोन-3 कमिश्नर प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पाया गया, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। साथ ही दुकानों में डस्टबिन नहीं मिले और परिसर में गंदगी भी पाई गई। जनशिकायत सही मिलने पर जोन स्वास्थ्य अधिकारी पूरन कुमार तांडी ने संबंधित दुकानदारों के खिलाफ तत्काल ई-चालान की कार्रवाई की।
कार्रवाई के तहत पंजाबस तड़का और रोल्स मानिया पर 5-5 हजार रुपये, कृष्णा स्वीट्स पर 3 हजार रुपये, मोहित खत्री पर 1500 रुपये तथा प्रशांत तिवारी अमृततुल्य चाय पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। नगर निगम ने सभी दुकानदारों को भविष्य में स्वच्छता नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी भी दी।



