रायपुर में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (CAPF) सहायक कमांडेंट भर्ती परीक्षा आज, 19 जुलाई को आयोजित की जाएगी। परीक्षा जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगी। इस परीक्षा में कुल 1704 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, बैठने की उचित व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें। साथ ही संघ लोक सेवा आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए।

प्रशासन के अनुसार, प्रत्येक अभ्यर्थी का परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले फ्रिस्किंग और फेस ऑथेंटिकेशन किया जाएगा। इसके अलावा परीक्षा की गोपनीय सामग्री का वितरण 19 जुलाई को जिला कोषालय से किया जाएगा।
परीक्षा संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर नवीन ठाकुर को को-ऑर्डिनेटिंग सुपरवाइजर, डिप्टी कलेक्टर उत्तम प्रसाद रजक को सहायक को-ऑर्डिनेटिंग सुपरवाइजर तथा रोजगार अधिकारी केदारनाथ पटेल को कंट्रोल रूम प्रभारी नियुक्त किया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे पहली पाली के लिए सुबह 9:30 बजे तक और दूसरी पाली के लिए दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंच जाएं। समय से पहुंचने पर फ्रिस्किंग, फेस ऑथेंटिकेशन और अन्य औपचारिकताएं सुचारु रूप से पूरी की जा सकेंगी।



