रायपुर के सरोना रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास किया गया है। करीब 13.57 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। अब यह स्टेशन यात्रियों के लिए पहले से ज्यादा सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया गया है।

पुनर्विकास कार्य के तहत स्टेशन पर 95 वर्गमीटर का नया कॉन्कोर्स भवन तैयार किया गया है। वहीं यात्रियों और वाहनों की बेहतर आवाजाही के लिए स्टेशन के बाहर 1,912 वर्गमीटर का नया सर्कुलेटिंग एरिया विकसित किया गया है।
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए नया फुटओवर ब्रिज बनाया गया है। बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों के लिए स्टेशन पर 2 नई लिफ्ट लगाई गई हैं। प्लेटफॉर्म पर शेल्टर की संख्या बढ़ाकर 3 से 7 कर दी गई है और करीब 2,800 वर्गमीटर प्लेटफॉर्म की नई सरफेसिंग की गई है।

स्टेशन परिसर में यात्रियों के बैठने के लिए 189 नई बेंच और फर्नीचर लगाए गए हैं। इसके अलावा प्रतीक्षालय का नवीनीकरण किया गया है। स्थानीय कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए स्टेशन परिसर में आकर्षक चित्रकारी भी कराई गई है।
यात्रियों की अन्य सुविधाओं के लिए 550 वर्गमीटर पार्किंग क्षेत्र, 10 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट और ट्रेन की जानकारी देने के लिए 4 इंटीग्रेटेड पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम लगाए गए हैं। रात के समय बेहतर रोशनी के लिए सोलर लाइट मास्ट भी स्थापित किए गए हैं।
दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप, व्हीलचेयर सुविधा, दिव्यांग अनुकूल शौचालय, कम ऊंचाई वाले टिकट काउंटर और पेयजल जैसी व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। इसके साथ ही आधुनिक साइनेज, कोच गाइडेंस सिस्टम, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
रेलवे के अनुसार, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हुए इस विकास कार्य से सरोना रेलवे स्टेशन की तस्वीर बदलेगी और यात्रियों को अधिक आरामदायक, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।



