कोरबा में आवारा कुत्तों के हमले से मासूम की मौत, नगर निगम देगा ₹1 लाख मुआवजा

कोरबा के दादर खुर्द क्षेत्र में आवारा कुत्तों के हमले में एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, दादर खुर्द पुरानी बस्ती निवासी किशोर पटेल का परिवार मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करता है। बुधवार शाम करीब 5 बजे बच्चे घर में अकेले थे। इसी दौरान आवारा कुत्तों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण घटना की जानकारी देर से मिली। काम से घर लौटी मां ने बच्चे को गंभीर हालत में देखा और तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने पीड़ित परिवार के लिए ₹1 लाख की अनुग्रह सहायता राशि देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि यह सहायता महापौर के निर्देश पर प्रदान की जाएगी।

हादसे के बाद नगर निगम की टीम ने प्रभावित क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर 15 से 20 आवारा कुत्तों को पकड़ा है। अधिकारियों के अनुसार, इनमें कुछ कुत्तों का पहले ही बंध्याकरण किया जा चुका था, जबकि अन्य को डॉग शेल्टर भेजकर नसबंदी की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। निगम ने बताया कि एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) कार्यक्रम के तहत अब तक एक हजार से अधिक आवारा कुत्तों का बंध्याकरण किया जा चुका है।

नगर निगम ने नागरिकों से छोटे बच्चों को अकेला न छोड़ने, आवारा कुत्तों को केवल निर्धारित स्थानों पर भोजन कराने और किसी क्षेत्र में कुत्तों की संख्या अधिक होने पर तुरंत नगर निगम को सूचना देने की अपील की है।

इस घटना के बाद शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर फिर से सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से स्थायी समाधान और नियमित अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Scroll to Top