रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में मुराद पूरी कराने का झांसा देकर एक नाबालिग के साथ कथित अश्लील हरकत करने के आरोप में पुलिस ने एक स्वयंभू बाबा को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 17 वर्षीय नाबालिग ने शिकायत दर्ज कराई कि वह 15 जून को ईदगाहभाठा स्थित एक घर में अपनी मुराद पूरी कराने के लिए बाबा मुस्तकीम के पास गया था। आरोप है कि कमरे में प्रवेश करते ही दरवाजा बंद कर दिया गया। इसके बाद बाबा ने धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर उससे आपत्तिजनक हरकत कराई और मुराद पूरी होने की बात कहकर उसे वापस भेज दिया। घटना के बाद नाबालिग ने खुद को अपमानित महसूस किया और परिजनों को पूरी जानकारी दी।
शिकायत के आधार पर आजाद चौक थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 11(2) के तहत मामला दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुस्तकीम बेग (40) निवासी खैरा नवापारा, तहसील छुईखदान-गंडई, जिला खैरागढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

