रायपुर में धारदार चाकू लेकर लोगों को धमका रहा युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में केस दर्ज

रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू जब्त किया गया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आमापारा स्थित कारी तालाब के पास एक युवक हाथ में चाकू लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही आजाद चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान अंकित पाण्डेय (18 वर्ष), निवासी चंगोराभाठा, थाना डी.डी. नगर, रायपुर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 150/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Scroll to Top