बिलासपुर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई गांवों और निचले इलाकों में पानी भरने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर मकान चारों ओर से पानी से घिर गए हैं, जिससे लोग अपने घरों में फंस गए हैं।
बिलासपुर-दोमहानी क्षेत्र में बाढ़ का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला है। यहां 10 से अधिक मकान पानी से घिरकर टापू जैसे बन गए। कई परिवार पूरी रात बाढ़ के पानी के बीच फंसे रहे। घरों में छोटे-छोटे बच्चे भी मौजूद हैं, जिन्हें भोजन और पेयजल जैसी जरूरी सुविधाओं की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं सरकंडा के बंधवापारा इलाके में भी कई घरों में पानी घुस गया है। हालात बिगड़ने पर स्थानीय लोगों को घर खाली करने पड़े। सूचना मिलने के बाद प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम शुरू किया गया।
लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य जारी है तथा लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की गई है।

