NH-30 पर एक रात में दो बड़े हादसे, बस डिवाइडर से टकराई तो कबाड़ से भरा ट्रक पलटा

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर एक ही रात में दो अलग-अलग सड़क हादसे सामने आए। एक ओर यात्रियों से भरी बस डिवाइडर से टकरा गई, वहीं दूसरी ओर कबाड़ से लदा ट्रक सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई।

पहला हादसा देर रात ग्राम झिपटोला के पास हुआ। कांकेर से रायपुर जा रही महेंद्र बस अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और डिवाइडर भी टूट गया। हादसे के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। क्षतिग्रस्त बस को हटाने का काम जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उनका आरोप है कि सड़क पर तीखा मोड़ और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की कमी के कारण यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं।

दूसरा हादसा रात करीब 2 बजे हुआ। धमतरी की ओर कबाड़ लेकर जा रहा एक ट्रक चालक को झपकी आने के कारण वाहन से नियंत्रण खो बैठा। ट्रक सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। हालांकि चालक सुरक्षित बच गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

एक ही रात में लगातार हुए इन दो हादसों के बाद स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यक सुधार करने की मांग की है।

Scroll to Top