छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सरकारी कॉलेज के एक सहायक प्राध्यापक को थप्पड़ मारने का वायरल वीडियो सामने आने के बाद अब पुलिस ने युवती के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई प्रोफेसर की शिकायत के आधार पर की गई है। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है और पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शासकीय महाविद्यालय कुंजारा में पदस्थ सहायक प्राध्यापक रेमन भार्गव ने शिकायत दर्ज कराई है कि वे लैलूंगा की भागीरथी पटेल कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। उसी कॉलोनी में रहने वाली काजल मिंज का उनके घर आना-जाना था, जिससे दोनों परिवारों के बीच परिचय था।
शिकायत में प्रोफेसर ने आरोप लगाया कि युवती कई बार उनसे उधार में रुपये मांगती थी। रुपये देने से इनकार करने पर वह गाली-गलौज करती थी। आरोप है कि 30 जुलाई की दोपहर काजल मिंज ने दोबारा पैसे मांगे और मना करने पर उनका कॉलर पकड़कर कई थप्पड़ मारे। इस दौरान उनकी पत्नी ने बीच-बचाव किया।
प्रोफेसर ने यह भी आरोप लगाया कि युवती ने उन्हें झूठे मामले में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी, जिसके कारण वे डरकर लैलूंगा छोड़कर रायगढ़ चले गए। बाद में उन्होंने अपनी पत्नी के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर युवती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इससे पहले वायरल वीडियो सामने आने के बाद युवती की शिकायत पर पुलिस ने प्रोफेसर के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता की धारा 78 और 79 के तहत एफआईआर दर्ज की थी। लैलूंगा थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।