चरित्र शंका में महिला की हत्या, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने चरित्र पर संदेह के चलते वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को ग्राम पारागांव स्थित महानदी तट के श्मशान घाट के पास एक महिला का शव खून से लथपथ हालत में मिला था। मृतका की पहचान रूकमणी सोनवानी के रूप में हुई। शव पर जांघ, कूल्हे, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका का पिछले छह से सात वर्षों से सोनू सरदार उर्फ अवतार सिंह (37 वर्ष), निवासी पंजाब, वर्तमान निवासी ग्राम मुढीपार, थाना पिथौरा, जिला महासमुंद, के साथ प्रेम संबंध था।

पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर यह सामने आया कि 12 जुलाई 2026 की रात करीब 9:30 बजे आरोपी ने मृतका को एक अन्य व्यक्ति के साथ देखा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोपी ने चरित्र पर संदेह जताते हुए पहले मारपीट की और फिर धारदार कड़े तथा हाथ-मुक्कों से हमला कर महिला की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी शव को महानदी तट के पास छोड़कर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने रायपुर से आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। 15 जुलाई 2026 को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।

Scroll to Top