रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) के शिवम छात्रावास में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कमरे की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में कुछ छात्र घायल हो गए, जबकि कमरे में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्लास्टर गिरते ही कमरा मलबे और धूल से भर गया। छात्र किसी तरह बाहर निकले, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, कई छात्रों का निजी सामान इस घटना में खराब हो गया।
घटना के बाद हॉस्टल में रहने वाले छात्रों ने भवन की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि छात्रावास की इमारत काफी समय से जर्जर हालत में है और इसकी जानकारी कई बार विश्वविद्यालय प्रशासन को दी जा चुकी थी। इसके बावजूद समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई।
छात्रों ने इस घटना को प्रशासन की लापरवाही बताते हुए पूरे हॉस्टल भवन का तकनीकी निरीक्षण कराने और जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि पहले ही आवश्यक कदम उठाए गए होते तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था।
फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच कराने की बात कही है। साथ ही छात्रावास की स्थिति का निरीक्षण किया जा रहा है ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।