रायपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ओडिशा के एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 4.180 किलोग्राम गांजा और नकदी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को सूचना मिली थी कि पंडरी थाना क्षेत्र के कापा स्थित माल धक्का रोड के पास एक व्यक्ति अपने बैग में गांजा लेकर बिक्री करने की फिराक में मौजूद है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और पंडरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध की पहचान की। पुलिस को देखकर वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मानस रंजन नाग निवासी ओडिशा बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 4.180 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा 500 रुपये नकद भी जब्त किए गए। जब्त किए गए गांजा और नकदी की कुल अनुमानित कीमत करीब 2.09 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पंडरी थाना में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच जारी है।