रायपुर के प्रोफेसर कॉलोनी क्षेत्र में शनिवार को सोलर पैनल लगाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। मकान की छत पर काम कर रहे दो मजदूर हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
मृतकों की पहचान 25 वर्षीय प्रमोद चंद्राकर और 19 वर्षीय आशीष चंद्राकर के रूप में हुई है। दोनों दुर्ग जिले के औंधी गांव के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, तीन मजदूर एक मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान पैनल या उसे उठाने में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरण का संपर्क पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन से हो गया। तेज करंट लगने से प्रमोद और आशीष गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि तीसरा मजदूर सुरक्षित बच गया।
सूचना मिलने पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों और मौके पर मौजूद तीसरे मजदूर से पूछताछ कर रही है।
जांच के दौरान यह भी देखा जा रहा है कि हाईटेंशन लाइन के पास काम करते समय सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं। शुरुआती जांच में हादसे की वजह बिजली का करंट लगना सामने आया है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच और सभी संबंधित लोगों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।