चार्ल्स शोभराज से प्रेरित ठग गिरफ्तार, 300 से ज्यादा 5 स्टार होटलों को बना चुका है निशाना

देशभर के लग्जरी और 5 स्टार होटलों में ठगी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय आरोपी बिंगसन जॉन को रायपुर पुलिस ने ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी करीब 10 राज्यों के 300 से अधिक होटलों को अपना निशाना बना चुका है। शुरुआती दौर में वह एक होटल में वेटर के रूप में काम करता था, लेकिन बाद में फर्जी पहचान के जरिए महंगे होटलों में ठहरकर ठगी करने लगा।

रायपुर के हयात होटल में की थी ठगी

पुलिस के मुताबिक आरोपी 25 जून को रायपुर के तेलीबांधा स्थित हयात होटल में ठहरा था। 27 जून को वह बिना चेक-आउट किए होटल से फरार हो गया। उसने होटल का ₹63,755 का बिल नहीं चुकाया और करीब ₹1.48 लाख कीमत का किराए पर लिया गया लैपटॉप भी अपने साथ ले गया।

होटल प्रबंधन द्वारा संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन आरोपी के दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले। इसके बाद होटल की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने संयुक्त जांच शुरू की।

72 घंटे में भुवनेश्वर से गिरफ्तारी

तकनीकी जांच और होटल में जमा दस्तावेजों के आधार पर पुलिस को आरोपी की लोकेशन ओडिशा के भुवनेश्वर में मिली। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए महज 72 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से होटल का लैपटॉप भी बरामद कर लिया गया।

300 से अधिक होटलों में कर चुका है ठगी

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 1990 से अब तक वह देशभर के 300 से ज्यादा 5 स्टार होटलों में ठगी और चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। पुलिस के अनुसार वह पहली बार वर्ष 1996 में तिहाड़ जेल गया था और अब तक विभिन्न राज्यों की जेलों में करीब 15 साल बिता चुका है।

अलग-अलग पहचान बनाकर करता था वारदात

जांच में सामने आया कि बिंगसन जॉन खुद को कभी विदेशी ट्रैवल गाइड, कभी अंग्रेजी शिक्षक तो कभी योग प्रशिक्षक बताकर महंगे होटलों में कमरा बुक करता था। कई दिनों तक होटल की सुविधाओं का लाभ उठाने के बाद वह बिना बिल चुकाए होटल का सामान लेकर फरार हो जाता था।

चार्ल्स शोभराज से था प्रभावित

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कुख्यात ठग चार्ल्स शोभराज से प्रभावित था। इसी कारण उसने लोगों को धोखा देने और फर्जी पहचान के जरिए ठगी करने के कई तरीके अपनाए।

तमिलनाडु का रहने वाला है आरोपी

बिंगसन जॉन तमिलनाडु के तूतीकोरिन का निवासी है। रायपुर पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब अन्य राज्यों में उसके खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी भी जुटा रही है।

कौन है चार्ल्स शोभराज?

चार्ल्स शोभराज को दुनिया भर में “बिकिनी किलर” के नाम से जाना जाता है। उस पर 1975 से 1980 के बीच थाईलैंड, भारत, नेपाल, अफगानिस्तान, ईरान और हॉन्गकॉन्ग सहित कई देशों में लूट, धोखाधड़ी और 20 से अधिक हत्याओं के आरोप लगे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सबसे अधिक हत्याएं उसने थाईलैंड में की थीं।

Scroll to Top