CBSE का बड़ा फैसला: अब छात्र रीजनल ऑफिस में जाकर कर सकेंगे उत्तर पुस्तिका की जांच

सीबीएसई ने बोर्ड परीक्षा के परिणामों को लेकर छात्रों की शंकाओं को दूर करने के लिए एक नई व्यवस्था शुरू की है। अब ऐसे छात्र, जिन्होंने अंकों के वेरिफिकेशन के लिए आवेदन किया था लेकिन जांच के बाद भी उनके अंकों में कोई बदलाव नहीं हुआ, वे अपनी उत्तर पुस्तिका की फिजिकल जांच करवा सकेंगे।

बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, यह सुविधा केवल उन विद्यार्थियों को मिलेगी जिनके वेरिफिकेशन रिजल्ट में “नो चेंज” आया है। ऐसे छात्र सीबीएसई के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचकर अपनी उत्तर पुस्तिका का निरीक्षण कर सकेंगे। इसके लिए बोर्ड जल्द ही विस्तृत दिशा-निर्देश और शेड्यूल जारी करेगा।

सीबीएसई के इतिहास में यह पहली बार है जब छात्रों को वेरिफिकेशन प्रक्रिया के बाद उत्तर पुस्तिका की फिजिकल जांच का अवसर दिया जा रहा है। पहले वेरिफिकेशन के बाद यदि अंक नहीं बदलते थे, तो छात्रों के पास आगे कोई विकल्प नहीं होता था।

बोर्ड का मानना है कि इस नई पहल से मूल्यांकन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी। साथ ही छात्रों को अपनी कॉपी की जांच को लेकर किसी भी प्रकार की शंका दूर करने का अवसर मिलेगा।

इसी बीच सीबीएसई ने कक्षा 12वीं के री-इवैल्यूएशन परिणाम भी जारी करने शुरू कर दिए हैं। बोर्ड के अनुसार अब तक प्राप्त कुल आवेदनों में से 87 प्रतिशत से अधिक के नतीजे घोषित किए जा चुके हैं, जबकि शेष आवेदनों की प्रक्रिया तेजी से जारी है।

Scroll to Top