बिलासपुर सेंट्रल जेल में बंदी की हत्या के मामले में प्रशासन ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए ड्यूटी पर तैनात जेल प्रहरी धरम कोठारी को निलंबित कर दिया है। घटना की शुरुआती जांच के आधार पर डीआईजी ने यह कार्रवाई की है।
बुधवार सुबह सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट फोरेंसिक टीम के साथ सेंट्रल जेल पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच टीम ने ई-1 बैरक से घटना में इस्तेमाल किए गए कंक्रीट स्लैब, खून के नमूने और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए। साथ ही जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधिकारियों ने घटना से पहले और बाद की परिस्थितियों की जानकारी जुटाने के लिए जेल कर्मचारियों और संबंधित लोगों से पूछताछ की। वहीं मामले की न्यायिक जांच के लिए ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास अनूप तिग्गा भी जेल पहुंचे। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा की और घटना के विभिन्न पहलुओं पर जेल प्रशासन से जानकारी ली।
मृतक बंदी नीलू जगत का पोस्टमार्टम सिम्स अस्पताल में डॉक्टरों की टीम द्वारा किया गया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने को मौत का कारण बताया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद वे अंतिम संस्कार के लिए कोटा क्षेत्र के दबनपुर रवाना हो गए।
फिलहाल पुलिस, फोरेंसिक टीम और न्यायिक जांच के माध्यम से मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।