रायपुर। सड़क सुरक्षा को लेकर रायपुर ट्रैफिक पुलिस लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में शहर के विभिन्न इलाकों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान नशे की हालत में वाहन चला रहे 50 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस ने प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की। जांच के दौरान ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण में कई चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। नियमों का उल्लंघन करने वाले सभी चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
अधिकारियों के अनुसार, ड्रंक एंड ड्राइव सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है। इसी वजह से यातायात पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाकर ऐसे वाहन चालकों पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब पीने के बाद वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें।
यातायात विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी ताकि सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।



