किराये पर लिया ट्रेलर बेचकर 5.20 लाख हड़पे, रायगढ़ पुलिस ने शातिर ठग को दबोचा

रायगढ़। कोतरारोड़ पुलिस ने ट्रेलर वाहन को किराये पर लेकर उसे बेच देने के सनसनीखेज धोखाधड़ी मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सुदामा प्रधान उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने फर्जी पहचान का सहारा लेकर वाहन मालिक का विश्वास जीता और ट्रेलर को अपने कब्जे में लेने के बाद उसे रायपुर में बेच दिया।

मामले की शिकायत गोरखा निवासी हरदीप सिंह ने दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि करीब दो वर्ष पहले एक व्यक्ति ने फोन कर स्वयं को राकेश डनसेना बताया और ट्रेलर वाहन किराये पर लेने की इच्छा जताई। बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच 80 हजार रुपये प्रतिमाह किराया तय हुआ और 7 नवंबर 2024 को किरायानामा तैयार किया गया। भरोसा दिलाने के लिए आरोपी ने एचडीएफसी बैंक का हस्ताक्षरयुक्त ब्लैंक चेक भी दिया था।

वाहन लेने के कुछ समय बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया। न तो वाहन का किराया मिला और न ही ट्रेलर वापस किया गया। संदेह होने पर वाहन मालिक ने स्वयं जांच की, जिसमें सामने आया कि राकेश डनसेना के नाम से पहचान बताने वाला व्यक्ति वास्तव में सुदामा प्रधान उर्फ छोटू है।

शिकायत के आधार पर कोतरारोड़ थाना में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश तेज की और मुखबिर की सूचना पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी गुरप्रीत सिंह के साथ मिलकर ट्रेलर वाहन को किराये पर लेकर बेचने की साजिश रची थी। योजना के तहत फर्जी नाम से किरायानामा तैयार कराया गया और वाहन मालिक को भरोसे में लिया गया। इसके बाद ट्रेलर वाहन क्रमांक CG 15 AC 4476 को रायपुर ले जाकर बेच दिया गया।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र में वाहन को हार्स और ट्राला सहित 5 लाख 20 हजार रुपये में बेच दिया गया था। बिक्री से मिली राशि दोनों आरोपियों ने आपस में बांट ली थी। आरोपी के हिस्से में मिली रकम में से केवल 15 हजार रुपये शेष होना बताया गया है।

जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि संबंधित ट्रेलर को रायपुर स्थित एक डिस्पोजल गोदाम में काटकर नष्ट कर दिया गया है। वहीं मामले का दूसरा आरोपी गुरप्रीत सिंह अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में वाहन और मोबाइल चोरी की कुछ अन्य घटनाओं में भी संलिप्तता स्वीकार की है, जिनकी अलग से जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी सुदामा प्रधान उर्फ छोटू को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Scroll to Top