रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। साथ ही दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में अगले चार से पांच दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं तथा बिजली गिरने की भी आशंका है। पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
मुंगेली में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई, जहां 50 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। वहीं, कबीरधाम (कवर्धा) में 10 मिमी बारिश हुई। बारिश के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ के अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। दूसरी ओर रायपुर और दुर्ग संभाग सहित मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
राजधानी रायपुर में सुबह से ही बादलों का डेरा बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शहर में दिन के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा धूलभरी आंधी चलने की भी संभावना है। रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।