छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक जल्द, 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, बढ़ेगी बारिश की गतिविधि

छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन के लिए मौसमीय परिस्थितियां अनुकूल हो गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों के भीतर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून पहुंच सकता है। इसके साथ ही 11 जून से राज्यभर में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।

बुधवार शाम रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर समेत कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम और अधिक सक्रिय रहेगा।

पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। राजनांदगांव में सबसे अधिक 44 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। यह स्थिति अगले दो दिनों तक बनी रह सकती है।

राजधानी रायपुर में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और गरज-चमक के साथ बारिश या धूलभरी आंधी चलने के आसार हैं। रायपुर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Scroll to Top