रायपुर में चार साल के एक मासूम बच्चे की हत्या के मामले में पुलिस ने सात महीने बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि बच्चे की मां के प्रेमी ने रिश्ते में बाधा बनने पर उसकी जान ले ली। घटना आमानाका थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी जयदीप सिंह का बच्चे की मां के साथ प्रेम संबंध था। महिला अपने पति से अलग रह रही थी और आरोपी का उसके घर आना-जाना था। जांच में सामने आया कि आरोपी बच्चे को अपने संबंधों में रुकावट मानता था।
1 नवंबर 2025 को चार वर्षीय मयंक मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध मौत का माना गया, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बच्चे की मौत दम घुटने से हुई थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना के समय आरोपी और बच्चे की मां दोनों घर में मौजूद थे। आरोप है कि किसी बात को लेकर नाराज होकर आरोपी ने बच्चे का मुंह और नाक तकिए से दबा दिया, जिससे उसकी सांस रुक गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया और ट्रक चालक होने के कारण लगातार अलग-अलग राज्यों में घूमता रहा। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए विशेष टीम गठित की और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिरों की मदद से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी।
लगातार प्रयासों के बाद 10 जून 2026 को पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने टाटीबंध निवासी 27 वर्षीय जयदीप सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।