रायपुर के एमजी रोड स्थित जया ऑटोमोबाइल शोरूम में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। आग सुबह करीब 10 बजे भड़की और कई घंटों की मशक्कत के बावजूद उस पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। आग तेजी से फैलते हुए इमारत की दूसरी और तीसरी मंजिल तक पहुंच गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
यह घटना मौदहापारा थाना क्षेत्र की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुकान खुलने के कुछ समय बाद ही भवन के अंदर से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी इमारत को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया।
शोरूम के भीतर बड़ी मात्रा में वाहन स्पेयर पार्ट्स, टायर, ट्यूब, प्लास्टिक सामग्री और ज्वलनशील लुब्रिकेंट्स रखे हुए थे। इन्हीं सामानों के कारण आग तेजी से फैलती गई और उसे बुझाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। हालांकि, आग की तीव्रता के चलते राहत कार्य में लगातार चुनौतियां बनी हुई हैं।
सुरक्षा के मद्देनजर जयस्तंभ चौक से एमजी रोड तक यातायात को प्रभावित किया गया है और बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। क्षेत्र में बैरिकेडिंग की गई है तथा पुलिस बल को भी तैनात किया गया है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण मिलने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा और घटना के कारणों की जांच की जाएगी। दूर-दूर तक धुएं का घना गुबार दिखाई दे रहा है, जिससे आसपास के लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है।