16 जून से खुलेंगे स्कूल, निजी संस्थानों को अब तक नहीं मिली पाठ्यपुस्तकें; शिक्षा सचिव से शेड्यूल जारी करने की मांग

गर्मी की छुट्टियों के बाद प्रदेशभर के स्कूल 16 जून से दोबारा शुरू होने जा रहे हैं, लेकिन निजी स्कूलों में पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता को लेकर चिंता बनी हुई है। इस मुद्दे को लेकर छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन ने स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव को पत्र भेजकर जल्द किताबें उपलब्ध कराने की मांग की है।

एसोसिएशन के अनुसार, पाठ्यपुस्तक निगम द्वारा सरकारी स्कूलों में पुस्तकों की आपूर्ति शुरू कर दी गई है, जबकि निजी स्कूलों के लिए अब तक वितरण संबंधी कोई स्पष्ट कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है। ऐसे में नए शैक्षणिक सत्र के आरंभ से पहले छात्रों तक किताबें पहुंचाना कठिन हो सकता है।

संघ का कहना है कि यदि समय रहते वितरण प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। साथ ही स्कूल खुलने से पहले सभी छात्रों तक पुस्तकें पहुंचाना भी एक बड़ी चुनौती साबित होगा।

एसोसिएशन ने शिक्षा सचिव से आग्रह किया है कि निजी स्कूलों के लिए जल्द से जल्द पुस्तक वितरण का शेड्यूल जारी किया जाए और आवश्यक पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि 16 जून से शुरू होने वाले नए सत्र में छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Scroll to Top