UP में गांजा तस्करों की तलाश में गई रायपुर पुलिस पर हमला, ग्रामीणों ने चोर समझकर की पिटाई

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में गांजा तस्करी के आरोपियों की तलाश में पहुंची रायपुर पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। सादे कपड़ों में कार्रवाई कर रही टीम को ग्रामीणों ने चोर समझ लिया और मारपीट शुरू कर दी। घटना में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य जवानों ने किसी तरह खुद को सुरक्षित बचाया।

जानकारी के अनुसार रायपुर के गंज थाना क्षेत्र की पुलिस टीम गांजा तस्करी के एक मामले में आरोपियों की तलाश करते हुए कौशांबी जिले के ईचौली गांव पहुंची थी। टीम स्थानीय पुलिस की मदद से आकाश, शिवम और एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही थी।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने पहले एक आरोपी आकाश को हिरासत में ले लिया था। इसके बाद जब टीम दूसरे आरोपी शिवम को पकड़ने उसके घर पहुंची, तो उसने खुद को बचाने के लिए जोर-जोर से “चोर-चोर” चिल्लाना शुरू कर दिया।

आरोपी के शोर मचाते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में होने के कारण ग्रामीण उन्हें पहचान नहीं सके और उन्हें चोर समझ बैठे। देखते ही देखते भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया और धक्का-मुक्की के साथ मारपीट शुरू कर दी।

हमले में पुलिसकर्मी जगदेव प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और हाथ में चोटें आई हैं। वहीं अन्य पुलिसकर्मी किसी तरह वहां से निकलकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचने में सफल रहे।

घटना की सूचना मिलने के बाद कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल पुलिसकर्मी को तत्काल जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

कौशांबी की अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रायपुर पुलिस ने स्थानीय पुलिस की सहायता से एक आरोपी को पकड़ा था। हालांकि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान स्थानीय पुलिस को पूरी जानकारी दिए बिना कार्रवाई किए जाने के कारण भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई।

पुलिस ने मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। पूरे मामले की जांच जारी है।

Scroll to Top