जेल से छूटते ही बदमाशों ने निकाला रोड शो, स्टंटबाजी और हुड़दंग के बाद 9 आरोपी फिर पहुंचे जेल

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में जमानत पर रिहा हुए 9 आरोपियों का रोड शो निकालना भारी पड़ गया। जेल से बाहर आते ही आरोपियों ने कार और बाइक का काफिला निकालकर शहर में रैली की, जिसके दौरान स्टंटबाजी, आतिशबाजी और हुड़दंग का प्रदर्शन किया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किया गया।

मामला भाटापारा शहर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, 5 जून की रात जेल से रिहा होने के बाद आरोपी कल्याण सागर वार्ड स्थित तालाब पार रोड पर एकत्र हुए और वाहनों के काफिले के साथ रैली निकाली। इस दौरान कुछ युवक कारों की खिड़कियों से बाहर लटककर स्टंट करते नजर आए। आरोप है कि रैली के दौरान राहगीरों और स्थानीय लोगों के साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया।

रैली समाप्त होने के बाद आरोपियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और आतिशबाजी कर जश्न मनाया गया। इस पूरी गतिविधि का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया, जिसके बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।

सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर दोबारा जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा ने कहा कि जमानत मिलने का अर्थ कानून हाथ में लेने या दबंगई दिखाने की अनुमति नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक शांति भंग करने, खौफ पैदा करने और सोशल मीडिया पर अपराधी छवि का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने की बात भी कही है।

Scroll to Top