छत्तीसगढ़ स्विमिंग एसोसिएशन द्वारा मंगलवार को रायपुर स्थित इंटरनेशनल स्विमिंग पूल में सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग की स्टेट लेवल स्विमिंग टाइम ट्रायल प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों और संबद्ध इकाइयों के प्रतिभाशाली तैराकों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
टाइम ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन चयन समिति द्वारा किया गया, जिसके आधार पर आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ टीम का चयन किया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. मनीष शुक्ला ने बताया कि ट्रायल के बाद 16 से 21 जून 2026 तक अहमदाबाद, गुजरात में आयोजित होने वाली 79वीं सीनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप के लिए राज्य की पुरुष एवं महिला टीम की घोषणा कर दी गई है।
चयन प्रक्रिया चयन समिति के सदस्य हेमंत सिंह परिहार, अशोक सक्सेना, नरसिंह पारिकर, डॉ. मनीष शुक्ला, गोपी सुभाष संतोष और कुमार पाल की उपस्थिति में संपन्न हुई।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों और चयन समिति के सदस्यों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके बेहतर प्रदर्शन की कामना की।