अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सियासत गरम, फोटो नहीं होने पर विधायक ईश्वर साहू ने किया कार्यक्रम का बहिष्कार

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में बड़े पैमाने पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेकर योगाभ्यास किया। इस दौरान मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और सैकड़ों नागरिकों ने सामूहिक योग किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की हजारों वर्ष पुरानी परंपरा और जीवन पद्धति है, जिसकी शुरुआत ऋषि-मुनियों ने की थी। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

इस बीच बेमेतरा जिले के साजा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक ईश्वर साहू कार्यक्रम के दौरान नाराज हो गए। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए पोस्टर और फ्लेक्स में उनकी तस्वीर नहीं लगाई गई थी। इससे नाराज होकर उन्होंने कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया। उनके समर्थकों ने भी इस पर आपत्ति जताई। हालांकि प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

अंबिकापुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल का प्रशिक्षण कार्यक्रम उसका आंतरिक विषय है, लेकिन राहुल गांधी जहां जाते हैं, उसका परिणाम सभी जानते हैं।

वहीं राजनांदगांव के दिग्विजय स्टेडियम में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह शामिल हुए। उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि नियमित योग से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है।

मनेंद्रगढ़ में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने योगाभ्यास करते हुए कहा कि योग आज वैश्विक पहचान बन चुका है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से इसे विश्व स्तर पर नई प्रतिष्ठा मिली है। इस अवसर पर लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। एयरपोर्ट डायरेक्टर योगेश नागाइच समेत अधिकारियों और कर्मचारियों ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।

Scroll to Top