BSP कर्मचारी के बेटे ने की आत्महत्या, बंद पड़े स्कूल में फंदे से लटका मिला शव

दुर्ग जिले के भिलाई में एक 22 वर्षीय युवक का शव बंद पड़े बीएसपी स्कूल परिसर में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान दीपांशु वर्मा के रूप में हुई है, जो कल्याण कॉलेज का छात्र था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। उसके पिता भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में कर्मचारी हैं।

जानकारी के अनुसार, दीपांशु रोज की तरह घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, तभी सूचना मिली कि सेक्टर-4 स्थित लंबे समय से बंद पड़े बीएसपी स्कूल परिसर में एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ है।

मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने शव की पहचान दीपांशु वर्मा के रूप में की। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। नोट में लिखा था, “मुझसे नफरत करने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। मेरे शरीर को दफनाया नहीं जाना चाहिए, मेरा अंतिम संस्कार किया जाए।”

हालांकि सुसाइड नोट में किसी व्यक्ति का नाम या आत्महत्या का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

परिजनों के अनुसार, घर से निकलने से पहले दीपांशु ने अपनी मां से 100 रुपए मांगे थे। उस समय मां नींद में थीं और उन्होंने इस बात पर विशेष ध्यान नहीं दिया। बाद में पता चला कि युवक रस्सी खरीदकर स्कूल परिसर पहुंचा था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दीपांशु ने बीएससी की पढ़ाई पूरी कर ली थी और नौकरी की तैयारी के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट, पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है।

Scroll to Top